
अलीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट) UltraTech Cement Kasimpur Aligarh Worker Accident। कासिमपुर स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कार्य के दौरान एक अस्थायी श्रमिक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद कर्मचारियों ने प्रबंधन पर घायल श्रमिक को समय पर अस्पताल न भेजने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह पुत्र टोटी सिंह, निवासी ग्राम साथा (अलीगढ़), प्लांट में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर गर्म सीमेंट गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। आरोप है कि हादसे के बाद प्रबंधन ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई और घायल कर्मचारी काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा। कर्मचारियों के विरोध और हंगामे के बाद ही उसे अस्पताल भेजा गया।
अल्ट्राटेक अस्थायी कर्मचारी संघ के महामंत्री अश्वनी कुमार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी कार्यस्थल पर दुर्घटना होने की स्थिति में घायल श्रमिक को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना प्रबंधन की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी एक कर्मचारी कार्य के दौरान गंभीर रूप से बीमार हुआ था, लेकिन उसके उपचार की भी समुचित व्यवस्था नहीं की गई।
UltraTech Cement Kasimpur Aligarh Worker Accident
संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष सुधीर चौहान ने मांग की कि इस पूरे मामले में इंजीनियर मोहम्मद अनस, सेक्शन हेड मिलिंद सब्बी और यूनिट हेड मुर्तजा अमरेलीवाला की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
संघ ने घायल श्रमिक को कंपनी के खर्च पर सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा, उचित मुआवजा तथा श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले सभी वैधानिक लाभ तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्लांट में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो श्रमिक हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
नोट: यह समाचार संबंधित कर्मचारी संघ द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयान पर आधारित है। प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


